यूपी में बदला मौसम का मिजाज, लखनऊ समेत कई जिलों में चलीं तेज ठंडी हवाएं, कई जगह बारिश

Sunday, March 15, 2026 - 11:05
0
यूपी में बदला मौसम का मिजाज, लखनऊ समेत कई जिलों में चलीं तेज ठंडी हवाएं, कई जगह बारिश

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में बेमौसम पड़ रही गर्मी के बीच रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में देर रात हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पहले ही रविवार से मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया था।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रविवार सुबह अच्छी बारिश हुई। गाजियाबाद, नोएडा और हापुड़ के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है और लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम के उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। पिछले दिनों अप्रैल जैसी गर्मी महसूस कर रहे लोगों को तापमान में गिरावट के कारण शनिवार को कुछ राहत मिली थी और यह क्रम रविवार को भी जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 मार्च से तराई क्षेत्रों के साथ-साथ पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में इस सीजन की पहली बारिश हो सकती है। इससे प्रदेश के तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक शुक्रवार को 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान शनिवार से गिरना शुरू हुआ है और यह गिरावट मंगलवार तक जारी रह सकती है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान एक से तीन डिग्री तक कम दर्ज किया गया।

प्रदेश में शनिवार को बांदा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद उरई में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी लखनऊ में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को तापमान में कमी दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी यही स्थिति बनी रह सकती है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User