एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्न पर विवाद, सीएम योगी बोले— आस्था और जाति पर अमर्यादित टिप्पणी न हो

Sunday, March 15, 2026 - 11:07
0
एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्न पर विवाद, सीएम योगी बोले— आस्था और जाति पर अमर्यादित टिप्पणी न हो

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की मर्यादा और आस्था से जुड़े विषयों पर अमर्यादित टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के प्रश्न तैयार करने वाले सभी पेपर सेटर्स को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि ऐसे किसी भी प्रश्न से बचें, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों। उन्होंने यह भी कहा कि आदतन आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने वाले व्यक्तियों को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए और इस संबंध में नियमों को पेपर सेटर्स के एमओयू का हिस्सा बनाया जाए।

दरअसल, एसआई भर्ती परीक्षा के पहले दिन पूछे गए एक प्रश्न को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया। प्रश्न में ‘अवसर के अनुसार बदलने वाला’ वाक्यांश के लिए एक शब्द चुनने को कहा गया था। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे— सदाचारी, पंडित, अवसरवादी और निष्कपट। इनमें से एक विकल्प जाति से जुड़ा होने के कारण इसे लेकर आपत्ति जताई गई और प्रश्न पत्र की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

पुलिस उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की इस परीक्षा में कुल 5,31,765 अभ्यर्थी शामिल हुए। वहीं परीक्षा की शुचिता भंग करने की कोशिश करने वाले सोशल मीडिया खातों के खिलाफ लखनऊ में सात मामले दर्ज किए गए हैं। एसटीएफ ने आगरा से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है, जो फर्जी प्रश्न पत्र भेजकर अभ्यर्थियों से ठगी कर रहा था। मामले में एसटीएफ की जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User