यूपी: बसपा की महारैली आज, बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचे कार्यकर्ता; सुबह नौ बजे मायावती करेंगी संबोधन

Oct 9, 2025 - 09:08
 0  108
यूपी: बसपा की महारैली आज, बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचे कार्यकर्ता; सुबह नौ बजे मायावती करेंगी संबोधन

लखनऊ (आरएनआई)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आज स्वर्गीय कांशीराम की पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी लखनऊ में विशाल महारैली का आयोजन कर रही है। इस मौके पर देशभर से बसपा समर्थक राजधानी पहुंच चुके हैं। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती सुबह 9 बजे रैली को संबोधित करेंगी।

बुधवार से ही लखनऊ में समर्थकों का जमावड़ा शुरू हो गया था। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे हैं। राजधानी स्थित मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर रैली के आयोजन की पूरी तैयारियां बुधवार देर रात तक पूरी कर ली गईं।

रैली स्थल पर समर्थकों के ठहरने, भोजन और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है। बुधवार की रात कलाकारों ने संगीत और गीतों के माध्यम से डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम के संघर्षों की गाथा प्रस्तुत की। रैली में पुरुषों के साथ महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिली।

कई समर्थक पहली बार लखनऊ पहुंचे हैं। उनका कहना है कि वे ‘बहनजी’ को सुनने आए हैं — क्योंकि मायावती उनके लिए सिर्फ नेता नहीं, बल्कि आंदोलन की प्रेरणा हैं। समर्थकों ने बताया कि भले ही बहनजी सत्ता में हों या बाहर, उनका समर्थन हमेशा उनके साथ रहेगा।

मायावती की इस महारैली को बसपा संगठन के पुनर्गठन की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी पिछले कुछ वर्षों में लगातार कमजोर होती दिखी है — लोकसभा और विधानसभा चुनावों में दलित वोट बैंक का झुकाव अन्य दलों की ओर बढ़ा है। इसे देखते हुए बसपा ने इस बार कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर शक्ति प्रदर्शन का फैसला किया है। अनुमान है कि रैली में करीब 10 लाख समर्थक शामिल हो सकते हैं।

मायावती आज अपने संबोधन में आगामी लोकसभा चुनावों की रणनीति का संकेत दे सकती हैं। सूत्रों के अनुसार, वह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर संविधान बदलने को लेकर किए गए दावों का “पर्दाफाश” करेंगी और दलित, पिछड़े तथा अल्पसंख्यक वर्गों से बसपा को मजबूत करने की अपील करेंगी।

रैली के आयोजन में बामसेफ और बहुजन वालंटियर फोर्स (BVF) के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे।

खास बात यह है कि मायावती की इस रैली में शामिल होने के लिए समर्थकों ने खुद चंदा इकट्ठा कर यात्रा का खर्च उठाया है। बिहार के भभुआ जिले से आए दूधनाथ राम ने बताया कि “हम करीब ढाई सौ लोग 150 से 200 रुपये चंदा लगाकर यहां पहुंचे हैं। बहनजी ने हमारे समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया है। वह सत्ता में हों या नहीं, लेकिन बहुजन मिशन को जिंदा रखने के लिए उनका होना ही काफी है।”

उत्तराखंड के नैनीताल से आए मोहम्मद रहीम ने कहा कि “बीएसपी शासनकाल में जितना विकास मुसलमानों का हुआ, उतना किसी अन्य सरकार में नहीं हुआ। बहनजी ने शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के लिए ईमानदारी से काम किया।”

गाजीपुर से आई कलावती देवी ने कहा, “मैंने बहनजी को करीब से नहीं देखा, लेकिन उनके प्रति मेरा सम्मान अटूट है। उन्हें सुनने और देखने के लिए आई हूं। उनकी सोच आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शन का काम करती है।”

रैली स्थल पर सुबह छह बजे से समर्थकों का जमावड़ा शुरू हो गया और सभी निगाहें अब मायावती के 9 बजे होने वाले संबोधन पर टिकी हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.