यूपी चुनाव: उम्मीदवार चयन के लिए सपा का सर्वे शुरू, मुरादाबाद की दो सीटों पर आठ दावेदार चर्चा में
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने भी उम्मीदवार चयन के लिए सर्वे का सहारा लेना शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अब तक मुरादाबाद जिले की मुरादाबाद नगर और कुंदरकी विधानसभा सीटों पर दो चरणों में सर्वे कराया जा चुका है। इन दोनों सीटों पर कुल आठ संभावित दावेदारों के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुरादाबाद नगर सीट के लिए पूर्व विधायक यूसुफ अंसारी, जिलाध्यक्ष जयवीर यादव, लाखन सिंह सैनी और राहुल सिंह के नाम चर्चा में हैं। वहीं कुंदरकी सीट से पूर्व विधायक हाजी रिजवान, पूर्व विधायक अकीलुर्रहमान, जिला पंचायत सदस्य नावेद बबलू और अनीस चौधरी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।
पार्टी के अंदरूनी फीडबैक के अनुसार, मुरादाबाद नगर सीट के लिए सामने आए चार प्रमुख नामों में तीन हिंदू नेताओं के नाम शामिल हैं। माना जा रहा है कि यदि समाजवादी पार्टी सर्वे के आधार पर इस सीट से किसी हिंदू उम्मीदवार को मैदान में उतारती है, तो भाजपा के लिए मुकाबला अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि समाजवादी पार्टी पहले भी मुरादाबाद लोकसभा सीट पर रुचिवीरा को उम्मीदवार बनाकर सभी को चौंका चुकी है। उस फैसले के बाद पार्टी ने अपने पारंपरिक वोट बैंक से आगे बढ़कर व्यापक सामाजिक समीकरण साधने का संकेत दिया था।
फिलहाल समाजवादी पार्टी सर्वे रिपोर्ट और संगठन से मिले फीडबैक के आधार पर उम्मीदवारों के चयन की रणनीति तैयार कर रही है। आने वाले समय में अन्य विधानसभा सीटों पर भी इसी तरह के सर्वे कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)