मुख्य विकास अधिकारी सान्या छावड़ा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का हुआ आयोजन
कछौना, हरदोई (आरएनआई) ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय दौड़ना न पड़े। उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार की मंशा अनुरूप ग्राम सभा में प्रत्येक सप्ताह दो ग्राम सभाओं में रोस्टर के अनुसार ग्राम चौपाल का आयोजन करने का प्रावधान है। इसी क्रम में विकासखंड कछौना की ग्राम सभा लोन्हारा में ग्राम चौपाल का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी सान्या छावड़ा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिसमें स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, खाद्य एवं रसद विभाग, बाल विकास पुष्टाहार विभाग, समाज कल्याण, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, कृषि विभाग, पंचायती विभाग, पशुपालन विभाग, ग्राम विकास विभाग आदि विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्टालों का अवलोकन किया गया। उसके बाद मुख्य विकास अधिकारी विभागवार ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुई। खाद्य एवं रसद विभाग की सुनवाई करते समय ग्रामीणों ने पूछा अधिकांश ग्रामीण के राशन कार्ड बिना वजह निरस्त हो गए हैं। वहीं राशन वितरण में कोटेदारों द्वारा घटतौली की शिकायत की। पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिया कि बिना ठोस कारण के किसी का राशन कार्ड न काटे हैं। राशन वितरण व्यवस्था सही सुनिश्चित कराएं। जिला मिशन के तहत ग्रामीणों ने बताया पानी की टंकी बनाई गई है, पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं चल रही है। कई जगह पाइपलाइन लीकेज होने व पानी की टोटी न लगे होने के कारण काफी असुविधा होती है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने बताया पानी की टंकी कई वर्षों पूर्व स्थापित की गई थी। नई एजेंसी को अधिकृत करके पानी की टंकी की समस्या को ठीक कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को शीघ्र शुद्ध पेयजल मिल सके।ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। 12 ग्राम सभाओं पर मात्र एक सफाई कर्मी की तैनाती है। जिसके कारण सफाई व्यवस्था न होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर व गंदगी का अंबार रहता है। जिससे आम जनमानस के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जिस पर एडीओ पंचायत संतोष कुमार को निर्देश दिया कि ग्रामों और गलियों के रोस्टर बनवाएं। उसके अनुसार सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराकर रोस्टर को सार्वजनिक स्थल पर पेंट कराएं। ग्रामीणों ने यूरिया खाद की किल्लत का मुद्दा उठाया। किसानों ने मांग की उनके गांव में खाद की दुकान व साधन सहकारी समिति चालू कराई जाए। जिससे किसानों को यहां से दूर 10 किलोमीटर जाना न पड़े। ग्रामीणों ने बताया विद्युत व्यवस्था की समस्या काफी खराब है। विद्युत लाइन काफी जर्जर है। आए दिन तार टूटने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। मीटर रीडर नियमित रूप से नहीं आते हैं। जिसके कारण विद्युत आपूर्ति की काफी समस्या रहती है। विद्युत समस्याओं के कारण मुख्य विकास अधिकारी ने उपखंड अधिकारी को निर्देश दिया कि गांवों में दो दिवसीय कैंप लगवाकर समस्याओं का निराकरण कारण कराएं। ग्राम सभा के पंचायत घर में शनिवार व सोमवार को दो दिवसीय विद्युत कैंप लगेगा। कृषि विभाग को निर्देश दिया ग्रामसभाओं में 350 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि किसी कारणवस लाभ नहीं मिल पा रहा है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को चाबी देकर सम्मानित किया गया। कई पात्र लाभार्थियों को विधवा, वृद्धावस्था, दिव्यांग, बाल सेवा योजना का लाभ न मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पुष्पा वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी महेश कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शैलेंद्र शुक्ला, पूर्ति निरीक्षक पिंटू सिंह, एडीओ पंचायत संतोष कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आशीष कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी, ग्राम सचिव अयोध्या प्रसाद, विद्युत विभाग उपखंड अधिकारी पुनीत कुमार दुबे व अवर अभियंता राजकुमार, लघु सिंचाई के जे०ई० अशोक पाल, एडीओ कृषि अखिलेश कुमार, संतोष कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित विभागीय कर्मी मौजूद रहें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



