मुंबई में 325 करोड़ की ठगी का सनसनीखेज मामला, कारोबारी को बंधक बनाकर वसूले करोड़ों; 10 आरोपी फरार
मुंबई के विले पार्ले ईस्ट इलाके से एक बड़े फाइनेंशियल फ्रॉड का मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी को हाई रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की गई। इस मामले में धोखाधड़ी, अपहरण जैसी कैद और जबरन वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मुंबई पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले पीड़ित कारोबारी आयुष नकरा को बड़ा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर करीब 1 करोड़ रुपये का निवेश करवाया। बाद में जब कारोबारी को शक हुआ और उसने पैसा वापस मांगा, तो उसे और उसकी कंपनी के महाप्रबंधक को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया गया। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी देकर करीब 22.5 करोड़ रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए गए।
शिकायत के अनुसार, यह साजिश 15 जुलाई से 28 अगस्त 2025 के बीच रची गई। चार कथित दलाल—लक्ष्मीनारायण अग्रवाल, देवकुमार रॉय, सुशीलकुमार यादव और चेतन संघवी—ने खुद को बड़े निवेश नेटवर्क से जुड़ा बताकर कारोबारी को “आर्चशिप ग्रुप” नामक फर्म में निवेश करने के लिए तैयार किया। बार-बार यह भरोसा दिलाया गया कि पैसा सुरक्षित रहेगा और जल्द ही बड़ा रिटर्न मिलेगा।
आरोप है कि 22 अगस्त 2025 को आरोपियों ने पीड़ित की कंपनी के खाते से “मानव धर्मयोग एनजीओ” के नाम पर 1 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए, जिसे निवेश प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया। लेकिन जब कारोबारी ने इस लेन-देन पर सवाल उठाए और मुनाफे की जानकारी मांगी, तो आरोपियों का व्यवहार बदल गया और उन्होंने धमकी और दबाव बनाना शुरू कर दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)