मुंबई के क्रॉफर्ड मार्केट स्थित बाटा शो-रूम में लगी भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात
मुंबई (आरएनआई)। दक्षिण मुंबई के प्रसिद्ध क्रॉफर्ड मार्केट इलाके में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब नामी जूता ब्रांड बाटा के दो मंजिला शोरूम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, आग लोकमान्य तिलक रोड स्थित द्वारकादास बिल्डिंग की ग्राउंड फ्लोर पर बने बाटा शोरूम में लगी। आग लगने की सूचना रात करीब 10 बजकर 26 मिनट पर मुंबई फायर ब्रिगेड को दी गई। शुरुआत में आग को लेवल-1 घोषित किया गया था, लेकिन बढ़ती लपटों को देखते हुए इसे लेवल-2 श्रेणी में अपग्रेड किया गया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी संतोष सावंत ने बताया कि आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियां और आठ पानी के टैंकरों को मौके पर लगाया गया। फायर टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया, “दो मंजिला बाटा शोरूम में लगी आग से जूतों का पूरा स्टॉक और बिजली के तार जलकर खाक हो गए। हालांकि किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।”
आग लगने की खबर मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, यूपीडीए और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। आसपास की इमारतों को खाली कराया गया ताकि आग फैलने से रोकी जा सके। मौके पर एक 108 एंबुलेंस भी एहतियातन तैनात की गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, आग केवल शो-रूम तक सीमित रही और इमारत के अन्य हिस्सों को नुकसान नहीं हुआ। आग लगने के कारणों की जांच जारी है, प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट इसकी वजह हो सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



