मानसून की आहट: केरल में 4 जून को दस्तक के आसार, तमिलनाडु में भारी बारिश; दिल्ली में येलो अलर्ट जारी
देशभर में भीषण गर्मी और उमस के बीच राहत की खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल में प्रवेश कर सकता है, जिससे देश में चार महीने लंबे वर्षा सीजन की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। मानसून की सक्रियता के साथ दक्षिण से उत्तर भारत तक मौसम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में पहले से ही अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि तमिलनाडु के कई जिलों में 7 जून तक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। कोयंबटूर, तिरुनेल्वेली, कन्याकुमारी और इरोड समेत 15 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। केरल के दक्षिणी हिस्सों में भी 5 जून तक मूसलाधार बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
आईएमडी के अनुसार मानसून केरल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और एक सप्ताह के भीतर महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। मुंबई में मानसून के आगमन में करीब 10 दिन लग सकते हैं, हालांकि उससे पहले कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
महाराष्ट्र के सतारा, कोल्हापुर, अमरावती, छत्रपति संभाजीनगर और जालना जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान के दौरान हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और अन्य नुकसान की आशंका बनी रहेगी।
उधर राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 4 और 5 जून के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ रेखा के प्रभाव से दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम में इस बदलाव से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



