महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा जांच बिहार पहुंची, हाजीपुर के साइबर कैफे पर पुलिस का छापा
महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच अब बिहार के वैशाली जिले तक पहुंच गई है। बुधवार रात महाराष्ट्र पुलिस की विशेष टीम ने हाजीपुर के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे पर छापेमारी की। स्थानीय नगर थाना पुलिस की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस के आधा दर्जन से अधिक अधिकारी स्थानीय पुलिस के साथ साइबर कैफे पहुंचे और परिसर को घेरकर संचालक से लंबी पूछताछ की। इस दौरान कैफे में मौजूद कंप्यूटर, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की भी गहन जांच की गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई टीईटी परीक्षा से जुड़े कथित फर्जी पहचान पत्र, जाली प्रमाण पत्र तैयार करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी के संदिग्ध नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की गई है। हालांकि जांच एजेंसी ने अभी तक मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस संयुक्त अभियान में नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया। पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस ने जांच के सिलसिले में स्थानीय स्तर पर सहायता मांगी थी, जिसके बाद संयुक्त रूप से यह छापेमारी की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)