मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी डग्गामार बस पलटी, कई घायल — अवैध वाहनों पर प्रशासन की लापरवाही उजागर
मथुरा (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि गोवर्धन दर्शन और परिक्रमा के लिए आए श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार डग्गामार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज गति में थी और मोड़ पर नियंत्रण खोने से पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों और पीड़ितों का आरोप है कि गोवर्धन पुलिस की मिलीभगत से क्षेत्र में अनधिकृत डग्गामार वाहन धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि थाना प्रभारी के संरक्षण में ये अवैध वाहन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से अवैध वाहनों पर सख्त कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह हादसा न केवल प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोलता है, बल्कि यह भी सवाल उठाता है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले में आखिर कब तक लापरवाही जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



