मकर संक्रांति से पहले माघ मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, 25 लाख श्रद्धालु पहुंचे; पार्किंग से लेकर सुरक्षा तक चाक-चौबंद इंतजाम
प्रयागराज (आरएनआई) — संगम नगरी प्रयागराज में माघ मेले का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है। 15 जनवरी को होने वाले मकर संक्रांति स्नान पर्व से पहले ही करीब 25 लाख श्रद्धालु संगम तट पर पहुंच चुके हैं। मेला प्रशासन का अनुमान है कि स्नान पर्व के दिन दो करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगाएंगे।
श्रद्धालुओं को अधिक पैदल न चलना पड़े, इसके लिए स्नान घाटों के बेहद पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंगलवार शाम तक मेला क्षेत्र की अधिकांश पार्किंग पूरी तरह भर चुकी थीं। प्रशासन ने भीड़ और यातायात को सुचारू रखने के लिए व्यापक योजना लागू की है।
माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार, इस बार 42 अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक वाहन खड़े किए जा सकते हैं। घाटों तक पहुंच आसान बनाने के लिए बाइक टैक्सी, गोल्फ कार्ट और अन्य रैपिड ट्रांसपोर्ट सेवाएं शुरू की गई हैं।
मेले के लिए कुल 12,100 फीट लंबाई में स्नान घाटों का निर्माण किया गया है। इन घाटों पर चेंजिंग रूम, पुआल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। गंगा में पर्याप्त जल प्रवाह बनाए रखने के लिए कानपुर स्थित गंगा बैराज से प्रतिदिन 8,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। साथ ही प्रयागराज में दोनों नदियों में गिरने वाले सभी 81 नालों को टैप कर दिया गया है और गंगा जल की लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वच्छता को लेकर भी इस बार खास तैयारी की गई है। मेला क्षेत्र को खुले में शौच मुक्त और गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए 25,880 शौचालय, 11,000 डस्टबिन, 10 लाख से अधिक लाइनर बैग, 25 सक्शन वाहन और 3,300 से ज्यादा सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी रखी गई है। मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय के अनुसार, 17 थाने, 42 पुलिस चौकियां, 20 अग्निशमन स्टेशन, सात फायर चौकियां और कई वॉच टावर लगाए गए हैं। जल सुरक्षा के लिए जल पुलिस थाना और कंट्रोल रूम भी सक्रिय हैं। नदी में आठ किलोमीटर से अधिक डीप वाटर बैरिकेडिंग और दो किलोमीटर रिवर लाइन बनाई गई है ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
भीड़ पर नजर रखने के लिए 400 से अधिक सीसीटीवी और एआई आधारित कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे भीड़ घनत्व, गतिविधियों और सुरक्षा की लगातार निगरानी की जा रही है।
माघ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, आधुनिक सुविधाएं और सख्त सुरक्षा इंतजाम इस बात का संकेत हैं कि इस बार मकर संक्रांति का पर्व न केवल आस्था बल्कि सुव्यवस्था का भी उदाहरण बनने जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)