भारी बारिश से अफ्रीकी देश में तबाही: सूखा क्षेत्र बना जलसमंदर, 111 की मौत
अफ्रीकी देश नाइजीरिया स्थित नाइजर राज्य के मोक्वा में बृहस्पतिवार रात को हुई भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई। बाढ़ से कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि और भी शव मिले हैं, जिनकी गिनती होना बाकी है।

अबुजा (आरएनआई) अफ्रीकी देश नाइजीरिया में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि नाइजर राज्य के मोक्वा में बृहस्पतिवार रात हुई तेज बारिश के बाद बाढ़ आई। इस कस्बे में उत्तरी नाइजीरिया के किसान दक्षिण के व्यापारियों को अपना माल बेचते हैं, जो राजधानी अबुजा से करीब 300 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। अधिकारियों ने बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़ने का अनुमान जताया है।
नाइजीरियाई जल विज्ञान सेवा एजेंसी ने तुरंत यह नहीं बताया कि मोका में कितनी बारिश हुई। यह क्षेत्र पहले से ही जलवायु परिवर्तन और अत्यधिक बारिश के कारण लंबे समय से सूखे का सामना कर रहा है। इस सूखाग्रस्त क्षेत्र में तेज बारिश के बाद बाढ़ आ जाती है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में देखा गया कि बाढ़ का पानी पूरे इलाके में भर गया और घर डूब गए। बाढ़ में डूबे घरों की सिर्फ छतें दिखाई दीं। कमर तक पानी में डूबे लोगों ने अपने सामान और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश की। मोक्वा निवासी काजीम मुहम्मद ने बताया कि हमने कई लोगों को खो दिया। हमारा सामान, फसलें और जिनके पास भंडारण था, सब कुछ बह गया।
नाइजर राज्य आपातकालीन एजेंसी के प्रवक्ता इब्राहीम औदु हुसैनी ने बताया कि अभी तक 111 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि और भी शव मिले हैं, जिनकी अभी गिनती होना बाकी है। मोक्वा समुदाय के नेता अलिकी मूसा ने बताया कि पहले भी बाढ़ आती थी, लेकिन यह मौसमी होती थी और नुकसान नहीं करती थी। अब बाढ़ की तीव्रता बढ़ गई है।
मोक्वा स्थानीय सरकारी क्षेत्र के अध्यक्ष जिब्रिल मुरेगी ने बताया कि बाढ़ को रोकने के लिए निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में जान-माल की सुरक्षा के लिए इन कार्यों को करना बहुत जरूरी है।
सितंबर में मैदुगुरी शहर में मूसलाधार बारिश और बांध टूटने से भयंकर बाढ़ आई थी। इस बाढ़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी और लाखों लोग बेघर हो गए थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






