भारत 2025 के अंत तक क्षय रोग से मुक्त हो जाएगा: स्वास्थ्य मंत्री

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि सरकार की तरफ से क्षय रोग (टीबी) के खिलाफ जिस स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है और लोगों की इसमें जिस तरह की भागीदारी हुई है, उसके आधार पर यह कहा जा सकता है कि देश 2025 के आखिर तक इस बीमारी से मुक्त हो जाएगा।

Friday, December 16, 2022 - 18:00
0
भारत 2025 के अंत तक क्षय रोग से मुक्त हो जाएगा: स्वास्थ्य मंत्री
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर 2022, (आरएनआई)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि सरकार की तरफ से क्षय रोग (टीबी) के खिलाफ जिस स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है और लोगों की इसमें जिस तरह की भागीदारी हुई है, उसके आधार पर यह कहा जा सकता है कि देश 2025 के आखिर तक इस बीमारी से मुक्त हो जाएगा।

उन्होंने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह टिप्पणी की।

मांडविया ने कहा, ‘‘भारत में स्वास्थ्य कोई कारोबार नहीं, बल्कि सेवा है। हमने क्षय रोग मुक्त कराने का अभियान शुरू किया है। मरीजों को सरकार की ओर से दवा मुफ्त दी जाती है, आर्थिक मदद की जाती है।’’

उन्होंने बताया, ‘‘क्षय रोग के मरीजों को पोषक आहार और उचित देखभाल मिले, इसके लिए हमने एक पोर्टल शुरू किया और लोगों का आह्वान किया कि वे टीबी के मरीजों को गोद लें। सिर्फ 14 दिनों में 44 हजार लोग सामने आए और 12 लाख मरीजों को गोद ले लिया।’’

मंत्री का कहना था कि राज्यपाल, विधायक, सांसद और एनजीओ के लोग नियमित रूप से मरीजों से मिलते हैं और उनकी स्थिति के बारे में पूछते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने प्रयास किया है और हमें सफलता मिली है। इसके आधार पर मैं यह कह सकता हूं कि 2025 के अंत तक भारत टीबी मुक्त हो जाएगा।’’

मांडविया ने सांसदों का आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्रों में क्षय रोग के मरीजों की उचित देखभाल के लिए उन्हें गोद लें और गोद लिए जाने की व्यवस्था करें ताकि इस बीमारी से लोगों की मौत नहीं हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User