बीएमसी चुनाव में साथ आएंगे उद्धव–राज ठाकरे, संजय राउत बोले— 20 साल की दूरी से महाराष्ट्र को हुआ नुकसान

Dec 24, 2025 - 12:01
 0  216
बीएमसी चुनाव में साथ आएंगे उद्धव–राज ठाकरे, संजय राउत बोले— 20 साल की दूरी से महाराष्ट्र को हुआ नुकसान

मुंबई (आरएनआई)। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा मोड़ आते हुए ठाकरे बंधुओं ने फिर साथ आने का फैसला किया है। आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इस अहम राजनीतिक गठबंधन की घोषणा शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने की।

संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे आज औपचारिक रूप से अपने चुनावी गठबंधन की घोषणा करेंगे। उन्होंने इसे महाराष्ट्र और मराठी जनता के लिए खुशी का क्षण बताया और कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने शिवसेना की स्थापना मराठी अस्मिता और मूल निवासियों के अधिकारों के लिए की थी।

राउत ने कहा कि बीते 20 वर्षों तक ठाकरे बंधुओं का अलग रहना महाराष्ट्र के लिए नुकसानदेह साबित हुआ। अब भाजपा को सबक सिखाने और मुंबई में चल रही कथित लूट को रोकने के लिए दोनों एकजुट हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह गठबंधन मुंबई की 10 नगर निगमों के चुनावों में साथ मिलकर मैदान में उतरेगा।

इस गठबंधन पर कांग्रेस की ओर से सवाल भी उठे हैं। कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने कहा कि जिस तरह अजित पवार और शरद पवार के भी एक साथ आने की खबरें आ रही हैं, उससे यह सवाल पैदा होता है कि क्या महायुति में दरार पड़ रही है।

वहीं शिवसेना (यूबीटी) विधायक सचिन अहीर ने इस घटनाक्रम को महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि ठाकरे परिवार का फिर एक होना राज्य की राजनीति के लिए बेहद जरूरी है और यह आम जनता के लिए आशा की नई किरण है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के विरोधी दलों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.