बिहार विधानसभा चुनाव : दूसरे चरण में अब तक 47.62% मतदान, कई जिलों में दिखा मतदाताओं का उत्साह, कुछ जगहों पर बहिष्कार
पटना (आरएनआई) बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक राज्यभर में औसतन 47.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। जहां एक ओर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखीं, वहीं कुछ स्थानों पर ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय समस्याओं को लेकर मतदान का बहिष्कार किया।
निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अब तक पश्चिम चंपारण में 48.91%, पूर्वी चंपारण में 48.01%, शिवहर में 48.23%, सीतामढ़ी में 45.28%, मधुबनी में 43.39%, सुपौल में 48.22%, अररिया में 46.87%, किशनगंज में 51.86%, पूर्णिया में 49.63%, कटिहार में 48.50%, भागलपुर में 45.09%, बांका में 50.07%, कैमूर (भभुआ) में 49.89%, रोहतास में 45.19%, अरवल में 47.11%, जहानाबाद में 46.07%, औरंगाबाद में 49.45%, गया में 50.95%, नवादा में 43.45%, और जमुई में 50.91% मतदान दर्ज किया गया है।
कुछ जिलों में मतदान के बीच वोट बहिष्कार की घटनाएं भी सामने आई हैं।
रोझईं गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चुनाव में भी आश्वासन मिला था, लेकिन विद्यालय का निर्माण नहीं हुआ। इस बार उन्होंने प्रशासन के समझाने के बावजूद वोट नहीं डाला।
इसी तरह रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र के मध्य विद्यालय कोनकी स्थित बूथ संख्या 204 पर भी मतदाताओं ने पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर मतदान से दूरी बना ली है। वहीं, कसबा विधानसभा क्षेत्र की झुन्नी इस्तम्बरार पंचायत के वार्ड संख्या 7 में एक हजार से अधिक ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर "रोड नहीं तो वोट नहीं" का नारा बुलंद करते हुए सामूहिक बहिष्कार किया।
उधर, जहानाबाद के घोसी विधानसभा क्षेत्र के हरदासपुर गांव में बूथ संख्या 220 के बाहर दो राजनीतिक गुटों में भिड़ंत हो गई, जिसमें चार लोग घायल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में कर लिया है और मतदान फिलहाल शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
इसी बीच, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने भागलपुर में परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में इस बार फिर एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी और 14 नवंबर को बिहारवासी विजय की दीपावली मनाएंगे। उन्होंने दिल्ली हमले पर दुख जताते हुए इसे पाकिस्तान की साजिश बताया और कहा कि यदि पाकिस्तान नहीं सुधरा तो हिंदुस्तान उसे बख्शेगा नहीं। चौबे ने जनता से निर्भय होकर मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।
कुल मिलाकर, बिहार के दूसरे चरण में मतदान उत्साहपूर्ण माहौल में जारी है। दोपहर बाद मतदान की रफ्तार और बढ़ने की उम्मीद है, जिससे कुल मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव के आंकड़ों को पार कर सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



