बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, पानी निकासी के लिए मशक्कत, बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित, प्रभारी मंत्री ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश

Wednesday, September 11, 2024 - 20:58
Updated: 2 years ago
0
बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, पानी निकासी के लिए मशक्कत, बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित, प्रभारी मंत्री ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश

ग्वालियर (आरएनआई) ग्वालियर में आज तडके शुरू हुई बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है, करीब 15-16 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने नगर निगम की पोल खोल कर रख दी है, पानी का सहीं निकास नहीं होने से सड़कें तालाब की शक्ल ले चुकी हैं, लोगों के घरों में गन्दा पानी घुस रहा है, निचले इलाकों में हालत ये हैं कि कई घरों में आज खाना ही नहीं बना क्योंकि घर में पानी भरा है, नगर निगम का अमला सडकों पर पानी निकासी के लिए मशक्कत कर रहा है ऐसे में मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी ने अफसरों की नींद उड़ा दी है, उधर प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने अफसरों से फोन पर चर्चा की और एहतियात बतौर पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं।

मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट प्रदेश के बांध भर जाने से खुश हैं लेकिन बतौर ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री उनको चिंता भी है, इसलिए वे लगातार हो रही बरसात को ध्यान में रखकर वरिष्ठ अधिकारियों के सतत संपर्क में है। उन्होंने बुधवार को संभाग आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव से फोन से चर्चा कर अधिक वर्षा से जिले में निर्मित हुई वस्तु स्थिति के बारे में जानकारी ली।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय होकर काम करे
मंत्री तुलसी सिलावट ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी इस संबंध में चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अतिवृष्टि को ध्यान में रखकर पूरा एहतियात बरतें। व्यवस्थायें ऐसी रहें, जिससे बाढ़ या अधिक जलभराव की स्थिति बनने पर जरूरतमंदों तक तत्काल मदद पहुंची जा सके। प्रभारी मंत्री सिलावट ने निर्देश दिए कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय होकर काम करे। साथ ही एसडीआरएफ सहित गोताखोरों के दलों को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचने के लिए मुस्तैद रखें।

ऊँचे स्थान पर भवन चिन्हित करने के निर्देश 
उन्होंने एहतियात बतौर राहत व बचाव कार्य दल गठित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि जल भराव वाले क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिये पहले से ही ऊँचे स्थान पर भवन चिन्हित कर लें। चर्चा के दौरान प्रभारी मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष में सहायता के लिये सूचना प्राप्त होने पर संबंधित को तत्काल मदद पहुँचे, इसमें देरी न हो। साथ ही बाढ़ नियंत्रण कक्ष में शिकायतों को दर्ज कर उनका निराकरण किया जाए।

नगर निगम में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित
उधर नगर निगम ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है और फोन नंबर जारी किये हैं, शहर की किसी बस्ती में जलभराव की स्थिति होने पर नगर निगम द्वारा बनाए गए बाढ़ नियंत्रण कक्ष पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। प्रभारी सहायक यंत्री राजू गोयल मोबाइल नंबर 9406915804 प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, प्रभारी सहायक यंत्री वेद प्रकाश निरंजन मोबाइल नंबर 7693800318 दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक एवं कर संग्रहक चिम्मल कटारे मोबाइल नंबर 6266493480 रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बाढ़ नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध रहेंगे। साथ ही अधिकारी-कर्मचारी प्रति दिवस जल भराव, आपदा से संबंधित आने वाली शिकायतों को विधिवत रजिस्टर पर अंकित करेंगे एवं अंकित शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारी को प्रेषित करेंगे। इस प्रकार बाढ़ नियंत्रण कक्ष में प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

Follow   RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User