बांदा में अस्मत बचाने की जंग में हत्या, दुष्कर्म की कोशिश करने वाले किसान को युवती ने मार डाला
बांदा (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र में नए साल के पहले दिन एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवती ने कथित रूप से दुष्कर्म की कोशिश करने वाले अपने पड़ोसी किसान की हत्या कर दी। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय युवती उस समय घर में अकेली थी, तभी सामने रहने वाला करीब 50 वर्षीय किसान उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती के अनुसार उसने खुद को बचाने के लिए घर में रखा फरसा उठाया और उस पर वार कर दिया, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद उसने डंडे से वार कर उसे निष्क्रिय कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा और डंडा भी बरामद कर लिया है।
बबेरू के कोतवाल राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि युवती से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक बयान में उसने आरोप लगाया है कि मृतक ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी, जिसके विरोध में उसने यह कदम उठाया। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
वहीं मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि युवती ने उसके पति को घर बुलाया था, जहां उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल युवती हिरासत में है और पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना आत्मरक्षा में हुई या इसके पीछे कोई और वजह है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)