बांकेबिहारी मंदिर में अब हर खर्च का हिसाब पारदर्शी होगा, हाईपावर्ड कमेटी के बड़े फैसले

Oct 30, 2025 - 11:18
 0  54
बांकेबिहारी मंदिर में अब हर खर्च का हिसाब पारदर्शी होगा, हाईपावर्ड कमेटी के बड़े फैसले

मथुरा (आरएनआई): वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मंदिर की हाईपावर्ड मैनेजमेंट कमेटी ने बुधवार को लक्ष्मण शहीद सभागार में हुई अपनी सप्तम बैठक में कई अहम निर्णय लिए हैं। अब मंदिर की दैनिक आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा नियमित रूप से रखा जाएगा, और हर माह इसका ऑडिट कमेटी द्वारा किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक कुमार ने की। उन्होंने कहा कि अब मंदिर की वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता लाई जाएगी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

हर लेन-देन पर रखी जाएगी नजर
अध्यक्ष अशोक कुमार ने निर्देश दिया कि मंदिर प्रशासन अब दैनिक आय-व्यय की पूरी रिपोर्ट कमेटी को देगा। कमेटी द्वारा जारी सभी आदेशों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर के बैंकों में जमा करोड़ों रुपये की धनराशि की समीक्षा की जा चुकी है और जल्द ही बैंक अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।

दर्शन व्यवस्था में होंगे बदलाव
कमेटी ने निर्णय लिया है कि 3 नवंबर से श्रद्धालुओं को निर्धारित समय पर दर्शन की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा, मंदिर परिसर में रेलिंग लगाने, तहखाना खोलने, और मंदिर की संरचनात्मक दृढ़ता की जांच जैसे कार्यों पर भी तेजी से अमल होगा।

पारदर्शिता और अनुशासन पर जोर

बैठक में यह भी तय किया गया कि
357 वर्ग गज के अर्द्धनिर्मित स्थल की अनियमितताओं की जांच कराई जाएगी।
गोलक खोलने की प्रक्रिया, हलवाई चयन, व्यय भुगतान प्रणाली, और वास्तुकार की नियुक्ति जैसे कार्यों में पारदर्शिता बरती जाएगी।
साथ ही, श्री बांकेबिहारी मंदिर की लाइव स्ट्रीमिंग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में शामिल प्रमुख सदस्य
बैठक में सदस्य सचिव/जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एमवीडीए उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, न्यायिक अधिकारी मुकेश मिश्रा, विकास कुमार, शिप्रा दुबे, और सेवायतों में शैलेन्द्र गोस्वामी, श्रीवर्धन गोस्वामी, दिनेश कुमार गोस्वामी तथा विजय कृष्ण गोस्वामी (बब्बू) मौजूद रहे।

अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि, “मंदिर की प्रत्येक व्यवस्था श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखकर की जाएगी। अब अव्यवस्थाओं को हावी नहीं होने दिया जाएगा।”

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.