बंगाल में चुनाव बाद हिंसा: भाजपा के दो और टीएमसी के एक कार्यकर्ता की मौत, कई इलाकों में तनाव
कोलकाता (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणामों के बाद एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। अलग-अलग घटनाओं में भारतीय जनता पार्टी के दो और तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर तोड़फोड़ और झड़पों की खबरें सामने आई हैं।
राजधानी कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर टीएमसी समर्थकों द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई। बताया गया है कि विजय जुलूस के दौरान विवाद बढ़ने पर उस पर हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गुस्साए भाजपा समर्थकों ने इलाके में विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया और कुछ स्थानों पर टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी।
दूसरी ओर, बीरभूम जिले के नानूर क्षेत्र में टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, संतोषपुर गांव में हुए विवाद के दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की और अप्रिय घटना को रोका जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



