फिर निशाने पर उर्दू: सूचना मंत्रालय ने हिंदी न्यूज चैनलों को नोटिस भेजा
नई दिल्ली (आरएनआई) केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने प्रमुख हिंदी न्यूज चैनलों को उर्दू शब्दों के इस्तेमाल के मामले में नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र के ठाणे निवासी एस.के. श्रीवास्तव की शिकायत के आधार पर हुई है।
श्रीवास्तव का दावा है कि टीवी9 भारतवर्ष, आज तक, एबीपी न्यूज, ज़ी न्यूज और टीवी18 अपने प्रसारण में लगभग तीस प्रतिशत उर्दू शब्दों का उपयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ये चैनल हिंदी न्यूज होने का दावा करते हैं, लेकिन रोजाना की टिप्पणियों में अन्य भाषाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो जनता के साथ धोखाधड़ी जैसा है।
शिकायत के आधार पर सूचना मंत्रालय के अवर सचिव नवनीत कुमार ने 18 सितंबर 2025 को पांचों चैनलों को पत्र भेजा। पत्र में बताया गया कि केबल टेलीविजन नेटवर्क (संशोधन) नियम, 2025 के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय ने चैनलों को 15 दिन के भीतर शिकायत पर लिए गए निर्णय की जानकारी देने का निर्देश दिया है।
एस.के. श्रीवास्तव ने कहा, “टीवी चैनलों पर ‘तशरीफ़ रखिए’ और ‘सैलाब’ जैसे उर्दू शब्दों का उपयोग होता है। हिंदी भाषियों के लिए इसे समझना कठिन है।” उनका यह भी कहना है कि इससे हिंदी भाषा के विशेषज्ञों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार, सेंट्रलाइज्ड पब्लिक ग्रीवेंस रिड्रेस एंड मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल पर शिकायतें अब 21 दिनों में निपटानी होंगी। श्रीवास्तव की यह शिकायत 19 सितंबर 2025 को ‘केस क्लोज़्ड’ के रूप में चिह्नित की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



