अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 10 हजार से अधिक उड़ानें रद्द; कई राज्यों में आपातकाल
न्यूयॉर्क (आरएनआई)। अमेरिका के उत्तरपूर्वी हिस्से में आए भीषण बर्फीले तूफान ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मैरीलैंड से लेकर मेन तक फैले इस तूफान के कारण 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि लाखों लोग अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। न्यूयॉर्क, बोस्टन और फिलाडेल्फिया समेत कई बड़े शहरों में आपातकाल घोषित किया गया है।
शनिवार से मंगलवार के बीच खराब मौसम के चलते हवाई यातायात सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। अकेले सोमवार को ही 5,000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि मंगलवार के लिए भी 1,300 से ज्यादा उड़ानें पहले से रद्द कर दी गई थीं। इससे हजारों यात्री विभिन्न हवाई अड्डों पर फंसे रहे। न्यूयॉर्क के जेएफके और लागुआर्डिया एयरपोर्ट तथा बोस्टन का लोगान एयरपोर्ट सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने इस तूफान को बीते एक दशक का सबसे शक्तिशाली बर्फीला तूफान बताया है, जिसे ‘बम चक्रवात’ कहा जा रहा है। इस तूफान के दौरान कई इलाकों में दो फीट से अधिक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है, जबकि रोड आइलैंड के वारविक क्षेत्र में तीन फीट से ज्यादा बर्फ गिरने की खबर है। तेज हवाओं और भारी हिमपात के कारण न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स समेत कई राज्यों में आपात स्थिति लागू करनी पड़ी है।
तूफान का असर इतना व्यापक रहा कि संयुक्त राष्ट्र को अपनी सुरक्षा परिषद की बैठक स्थगित करनी पड़ी और न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। न्यूयॉर्क शहर में छह वर्षों में पहली बार भारी बर्फबारी के कारण स्कूल बंद किए गए। हालांकि, मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार से स्कूल खोलने की घोषणा की है, जिस पर कुछ अधिकारियों ने आपत्ति जताई है।
भारी बर्फ और तेज हवाओं से सड़क, रेल और बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। फिसलन और कम दृश्यता के चलते यात्रा को बेहद खतरनाक बताया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है, जबकि डोरडैश जैसी डिलीवरी सेवाओं ने भी अपना काम अस्थायी रूप से रोक दिया है।
बिजली व्यवस्था पर भी तूफान का गंभीर असर पड़ा है। पावरआउटेज डॉट यूएस के अनुसार, पूर्वी तट पर 5 लाख 70 हजार से ज्यादा घरों और व्यवसायों की बिजली गुल हो गई है। मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। तेज हवाओं के कारण बिजली बहाल करने में कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, इस भयावह मौसम के बीच कुछ लोग इसका आनंद लेते भी नजर आए। टाइम्स स्क्वायर पर पर्यटक बर्फबारी में नाचते और तस्वीरें खिंचवाते दिखे, जबकि कई जगहों पर लोग स्लेजिंग का मजा लेते नजर आए। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है और सप्ताह के अंत में एक और तूफान आ सकता है। हालात को देखते हुए नेशनल गार्ड की तैनाती कर दी गई है और राहत व बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)