फतेहपुर में आकाशीय बिजली का कहर: बाप-बेटे समेत सात लोगों की मौत

Wednesday, October 1, 2025 - 19:15
Updated: 1 year ago
0
फतेहपुर में आकाशीय बिजली का कहर: बाप-बेटे समेत सात लोगों की मौत

फतेहपुर (आरएनआई) जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मंगलवार की शाम आसमान से गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बाप-बेटे समेत सात लोग मौत हो गई। दर्दनाक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। यह हृदय विदारक हादसा असोथर, गाजीपुर, किशनपुर, थरियाव थाना क्षेत्रों की है।

जानकारी के मुताबिक ललौली थाना क्षेत्र के दतौली गांव के रहने वाले रवी पाल (35) मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि दोपहर को रवि अपने 15 वर्षीय बेटे ऋषभ को साथ लेकर मवेशियों को चराने गांव के बाहर जंगल गया था। इसी बीच शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक तेज बारिश होने लगी। पिता-पुत्र वहीं पास में स्थित गोवर्धन तालाब के किनारे महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए, तभी गरज और चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से झुलस कर बाप-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उधर असोथर थाना क्षेत्र के जरौली गांव निवासी नीरज गुप्ता (45) और विपिन रैदास (38) भी शाम को गांव के बाहर मवेशियों को चरा रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए उक्त लोग पास में ही एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए, तभी गड़गड़ाहट के साथ आसमान से गिरी बिजली ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में भी दोनों की मौत हो गई। इसी तरह किशनपुर के अफजलपुर गांव के रहने वाले 48 वर्षीय जागेशरन निषाद भी शाम को जंगल में भैंस चराने गया था। इसी दौरान हो रही बारिश से बचने के लिए वह पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, तभी अचानक आसमानी बिजली गिरी और जागेशरन की मौत हो गई। गाजीपुर थाना क्षेत्र के डडीवा निवासी सेवानिवृत्त 75 वर्षीय रेल कर्मी देशराज रिश्तेदारी के सिमौर गांव मुंडन समारोह से शामिल होकर शाम को घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच बारिश होने लगी तो पेड़ के नीचे खड़े हो गए, तभी अचानक बिजली गिरने से उनकी भी जान चली गई। इसी तरह थरियांव के चक कोर्रा सादात निवासी सना बानो (42) पत्नी अकरम खेतों में काम कर रही थी। बरसात के चलते सना पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं, तभी बिजली गिरने से चपेट में आकर उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर सभी परिवारों के बीच घटना के बाद से कोहराम मचा रहा। राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर परिजनों को हरसंभव मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User