प्रदर्शन के बीच ऑटो चालकों की मनमानी, दोगुना किराया वसूलने से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
गौतमबुद्धनगर: यूपी के गौतमबुद्धनगर में कर्मचारियों के चल रहे प्रदर्शन और सड़कों पर लगे भारी जाम का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखने लगा है। हालात का फायदा उठाते हुए कई ऑटो चालकों ने किराया दोगुना कर दिया है, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जहां पहले ₹10 का किराया लिया जाता था, वहां अब ₹20 वसूले जा रहे हैं, जबकि ₹20 वाले रूट पर ₹40 तक मांगे जा रहे हैं। मजबूरी में लोग ज्यादा किराया देने को मजबूर हैं, क्योंकि सड़कों पर जाम और कम संख्या में ऑटो उपलब्ध होने से विकल्प भी सीमित हो गए हैं।
ऑटो चालकों का कहना है कि जब कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, तो उन्हें भी अपनी आय बढ़ाने का अधिकार है। हालांकि, यात्रियों में इस तर्क को लेकर नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।
एक महिला यात्री ने बताया कि वह सुबह से ऑटो का इंतजार कर रही थीं, लेकिन अधिक किराया और कम ऑटो मिलने के कारण उन्हें समय पर ऑफिस पहुंचना मुश्किल हो गया। ऐसे हालात में रोजाना सफर करने वाले लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रदर्शन और ट्रैफिक जाम के बीच बिगड़ते हालात को देखते हुए अब लोगों की नजर प्रशासन पर है, जिससे जल्द राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)