पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: निर्वाचन आयोग की बड़ी कार्रवाई, छह पुलिस अधिकारी निलंबित
कोलकाता (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के दौरान कथित पक्षपात और अनियमितताओं के आरोपों पर सख्त रुख अपनाते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने छह पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। आयोग ने इन अधिकारियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
निलंबित अधिकारियों में आईपीएस स्तर के अधिकारी समेत कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। आयोग ने हिंगलगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी संदीप सरकार को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके अलावा संदीप गराई (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डायमंड हार्बर), साजल मंडल (एसडीपीओ, डायमंड हार्बर), मौसम चक्रवर्ती (इंस्पेक्टर इंचार्ज, डायमंड हार्बर), अजय बाग (इंस्पेक्टर इंचार्ज, फलता) और शुभेच्छा बाग (ऑफिसर इंचार्ज, उस्थी) को भी निलंबित किया गया है।
आयोग ने संदीप गराई के मामले में उनके कैडर नियंत्रण प्राधिकारी को रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशानी पाल को अपने अधीनस्थ अधिकारियों पर नियंत्रण और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रहने के लिए चेतावनी जारी की गई है।
निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि इन आदेशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित किया जाए और अनुपालन रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत की जाए। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता और आचार संहिता का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयोग की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और यह संदेश गया है कि चुनाव में निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)