पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस और मीडियाकर्मियों पर पथराव; सीएम आवास के पास लाठीचार्ज

Wednesday, July 22, 2026 - 18:30
0
पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस और मीडियाकर्मियों पर पथराव; सीएम आवास के पास लाठीचार्ज

पटना। राजधानी पटना में बुधवार को छात्र प्रदर्शन हिंसक हो गया। छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले निकाले गए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह झड़प हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जबकि प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों और मीडियाकर्मियों पर पथराव किए जाने की भी खबर है।

प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान स्थित जयप्रकाश नारायण गोलंबर से हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहा, बेली रोड होते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव किया। इस दौरान कवरेज कर रहे कई मीडियाकर्मी भी निशाने पर आए। प्रदर्शनकारियों ने पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर भी हमला किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया, लेकिन भीड़ लगातार आगे बढ़ती रही। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई।

मुख्यमंत्री आवास के निकट हालात और तनावपूर्ण हो गए, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पटना आईजी ने कानून-व्यवस्था भंग करने वाले लोगों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए हैं।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग की। इसके अलावा पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई, शिक्षा में भ्रष्टाचार और निजीकरण पर रोक, जंतर-मंतर छात्र आंदोलन के समर्थन, 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने, फीस वृद्धि वापस लेने, नॉन-नेट फेलोशिप लागू करने तथा पटना विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बनाए रखने जैसी मांगें भी उठाईं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की जांच की जा रही है। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User