निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के जन्मदिवस पर लगेगा विशाल रक्तदान शिविर

Wednesday, June 17, 2026 - 10:50
Updated: 2 months ago
0
निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के जन्मदिवस पर लगेगा विशाल रक्तदान शिविर

हाथरस (आरएनआई)निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 17 जून 2026 को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर संस्थान के अध्यक्ष श्री सुनील अग्रवाल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होगा। रक्तदान शिविर का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से बागला हॉस्पिटल ब्लड बैंक, हाथरस में किया जाएगा।

संस्थान के अध्यक्ष श्री सुनील अग्रवाल ने बताया कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से अपने जन्मदिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन करते आ रहे हैं। उनका मानना है कि जन्मदिन पर समाज को कुछ लौटाने और जरूरतमंदों के जीवन बचाने से बड़ा कोई उत्सव नहीं हो सकता।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाने की परंपरा का निर्वहन करते हुए वे प्रातः गौशाला पहुंचकर गौमाताओं को हरी सब्जियां एवं फल खिलाते हैं। इसके उपरांत आगरा रोड स्थित वृद्धाश्रम जाकर बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। पश्चात नवग्रह मंदिर में बच्चों के साथ जन्मदिवस की खुशियां साझा करते हैं तथा सायंकाल अन्नक्षेत्र में प्रसादी वितरण कर जरूरतमंद एवं गरीब लोगों के बीच समय बिताते हैं। उनका मानना है कि जन्मदिन का वास्तविक आनंद समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के चेहरों पर मुस्कान लाने में है। इसी सेवा भावना के साथ इस वर्ष भी विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

संस्थान के ब्लड बैंक प्रभारी ध्रुव कोठीवाल ने बताया कि रक्तदान महादान है। रक्त की एक यूनिट किसी गंभीर मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वर्तमान समय में अस्पतालों में रक्त की निरंतर आवश्यकता बनी रहती है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। शिविर में रक्तदाताओं की आवश्यक चिकित्सीय जांच के उपरांत ही रक्तदान कराया जाएगा।

संस्थान के सदस्यों ने युवाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्तदान न केवल एक सामाजिक उत्तरदायित्व है, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा भी है। इस संबंध में आयोजित बैठक में अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन तथा डॉ. रंगेश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User