नशे पर सख्ती के निर्देश: कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समिति की बैठक संपन्न

Friday, April 24, 2026 - 20:36
Updated: 6 months ago
0
नशे पर सख्ती के निर्देश: कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समिति की बैठक संपन्न

गुना (आरएनआई)। जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक हितिका वासल, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, उप वनमंडलाधिकारी नीरज निश्चल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी और उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ठोस परिणाम देने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि ड्रग्स तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष तंत्र विकसित किया गया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि अवैध गतिविधियों को समय रहते रोका जा सके।

कलेक्टर ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि इस दिशा में समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर से एविल इंजेक्शन के उपयोग को लेकर जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि यह दवा केवल चिकित्सकीय पर्चे के आधार पर ही उपलब्ध कराई जाए और मेडिकल स्टोर्स द्वारा जारी प्रिस्क्रिप्शन की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा एनडीपीएस अधिनियम के प्रभावी पालन, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के निरीक्षण, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और मादक पदार्थों की पहचान के लिए उपकरणों की व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अफीम एवं भांग जैसी मादक फसलों की अवैध खेती पर निगरानी, अंतरराज्यीय मामलों की जांच और सूचना के आदान-प्रदान को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आगामी बैठक में अद्यतन कार्रवाई रिपोर्ट और स्पष्ट एजेंडा के साथ उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि सख्ती और समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User