नवजोत कौर के 500 करोड़ वाले बयान पर डीके शिवकुमार का तीखा पलटवार, कहा- मानसिक अस्पताल में भर्ती करवा देना चाहिए
बेंगलुरु (आरएनआई) कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू द्वारा मुख्यमंत्री पद को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान के बाद कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने उन पर पलटवार करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नवजोत कौर ने दावा किया था कि जिन नेताओं के पास 500 करोड़ रुपये होते हैं, वही मुख्यमंत्री बनते हैं। इस टिप्पणी के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों ने उनकी आलोचना की थी।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में डीके शिवकुमार ने कहा कि इस तरह के बयान गंभीर और गैर–जिम्मेदाराना हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि नवजोत कौर को “किसी अच्छे मानसिक अस्पताल में भर्ती करा देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक मूल्य आधारित पार्टी है और ऐसे आरोप बेबुनियाद हैं।
नवजोत कौर, जो पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं, ने शनिवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद मीडिया से कहा था कि उनके पति राजनीति में तब ही सक्रिय होंगे जब कांग्रेस उन्हें 2027 के चुनावों के लिए पंजाब में मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में आगे रखेगी। उन्होंने आगे कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं, लेकिन पंजाब को स्वर्णिम राज्य बनाने की क्षमता है। इसी दौरान उन्होंने बयान दिया कि “जो पांच सौ करोड़ का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बनता है।”
इसके बाद हुए विवाद पर सफाई देते हुए नवजोत कौर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी उनसे या उनके पति से किसी तरह की आर्थिक मांग नहीं की। उनका कहना था कि पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने सिर्फ यह कहा कि उनके पास पैसे देकर पद खरीदने जैसी कोई संस्कृति नहीं है।
इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है और अब इस पर कांग्रेस के भीतर से ही कड़ी प्रतिक्रिया सामने आने से विवाद और गहरा गया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



