नर्सिंग कॉलेज में चार घंटे तक बंधक रहे 500 छात्र-शिक्षक, आईएनसी मान्यता विवाद पर छात्रों का हंगामा
आईएनसी (इंडियन नर्सिंग काउंसिल) की मान्यता नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने बुधवार को सूरजमल अग्रवाल नर्सिंग कॉलेज में जमकर हंगामा किया। छात्रों ने कॉलेज के सभी गेटों पर ताले जड़ दिए, जिससे करीब 400-500 छात्र-छात्राएं, 50 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ और दर्जनभर पत्रकार लगभग चार घंटे तक परिसर में फंसे रहे।
कॉलेज को आईएनसी की मान्यता नहीं मिलने के विरोध में छात्र पिछले छह महीने से आंदोलन कर रहे थे। प्रशासन की कई दौर की मध्यस्थता के बावजूद समाधान नहीं निकलने पर छात्रों ने कॉलेज परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए तथा गेटों पर पहरा देना शुरू कर दिया। इस दौरान अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।
शाम होते-होते स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। हल्द्वानी, लालकुआं, गदरपुर, रुद्रपुर, सितारगंज और नानकमत्ता से आने वाली 50 से अधिक शिक्षिकाएं बाहर निकलने की कोशिश करती रहीं, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों ने गेट नहीं खोले। आरोप है कि छात्रों ने छात्राओं को आगे खड़ा कर मानव ढाल बना दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
घटना के दौरान कई शिक्षिकाएं भावुक हो गईं। एक शिक्षिका ने प्रसव पीड़ा से जूझ रही अपनी रिश्तेदार के पास जाने की मजबूरी बताई, जबकि अन्य ने घर पर छोटे बच्चों के अकेले होने की बात कही। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। देर शाम पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य होने लगी, जबकि कई शिक्षिकाओं को रात तक हाईवे पर अपने घर जाने के लिए वाहन का इंतजार करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)