असम बाढ़: मृतकों की संख्या 75 पहुंची, अमित शाह ने हिमंत से की बात; कांग्रेस ने विशेष राहत पैकेज की मांग उठाई

Wednesday, July 29, 2026 - 22:40
0
असम बाढ़: मृतकों की संख्या 75 पहुंची, अमित शाह ने हिमंत से की बात; कांग्रेस ने विशेष राहत पैकेज की मांग उठाई

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस वर्ष बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से फोन पर बातचीत कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए हरसंभव सहायता जारी रखने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि अमित शाह ने जमीनी हालात की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि केंद्र सरकार की सभी एजेंसियां तथा आवश्यक संसाधन प्रभावित लोगों की मदद के लिए उपलब्ध हैं। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह के भीतर गृह मंत्री ने दूसरी बार मुख्यमंत्री से बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की है। इससे पहले 23 जुलाई को भी उन्होंने हालात की समीक्षा की थी।

इस बीच कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार से बाढ़ प्रभावित इलाकों पर विशेष ध्यान देने की मांग की है। कांग्रेस विधायक जॉय प्रकाश दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने तथा मृतकों के परिजनों को ₹10-10 लाख की अनुग्रह राशि देने की मांग की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी कांग्रेस विधायक अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे। वहीं, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में असम के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग उठाई।

मुख्यमंत्री की पत्नी और फिल्म निर्माता रिंकी भुइयां सरमा ने भी बाढ़ से क्षतिग्रस्त 50 स्कूलों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए ₹1 करोड़ की सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि उनकी फिल्म ‘कोकादेउता नाती अरु हाथी-2’ से होने वाली आय से उपलब्ध कराई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User