नजूल कॉलोनी में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, एसपी हितिका वासल ने दिलाया जनसंकल्प
प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत बीती शाम गुना शहर की नजूल कॉलोनी में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और युवाओं को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने नशे के खिलाफ इस जनजागरूकता अभियान को जनआंदोलन बनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।
गुना पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)