नगर पालिका परिषद गुना में प्रमुख अभियंता का निरीक्षण — कार्यों की गति व गुणवत्ता सुधार के निर्देश

Oct 31, 2025 - 20:52
Oct 31, 2025 - 21:06
 0  189
नगर पालिका परिषद गुना में प्रमुख अभियंता का निरीक्षण — कार्यों की गति व गुणवत्ता सुधार के निर्देश

गुना (आरएनआई) नगर पालिका परिषद गुना का निरीक्षण आज नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख अभियंता प्रदीप मिश्रा द्वारा किया गया। उनके साथ निरीक्षण दल में सचिन कड़ू, कार्यपालन यंत्री भोपाल-नर्मदापुरम संभाग, देवेंद्र कोल, कार्यपालन यंत्री ग्वालियर संभाग,दीपक चौहान, उपयंत्री संचालनालय तथा संभागीय कार्यालय ग्वालियर के कार्यपालन यंत्री हरीश बाबू शाक्यवार उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद गुना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं उपयंत्री भी साथ रहे।

निरीक्षण दल ने नगर पालिका परिषद गुना के अंतर्गत संचालित अमृत योजना 1 एवं 2, स्वच्छ भारत मिशन, कायाकल्प योजना, अधोसंरचना विकास के चतुर्थ चरण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY 2.0) के अंतर्गत किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। प्रमुख अभियंता श्री मिश्रा ने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि गुना शहर के मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निकाय में इंजीनियरों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए दो उपयंत्रियों की पदस्थापना हेतु प्रस्ताव भेजने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना (AHP घटक) के कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई जाने पर प्रमुख अभियंता ने विलंब के कारणों की जानकारी ली और ठेकेदार पर अनुबंध अनुसार विलंब दंड (LD) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास हितग्राहियों के लोन स्वीकृत कराने हेतु बैंक से समुचित समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि लाभार्थियों को समय पर आवास की सुविधा मिल सके। साथ ही, AHP साइट पर क्रॉस सब्सिडी उत्पन्न करने हेतु दुकानों का प्राक्कलन तैयार कर एक सप्ताह में प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अमृत योजना 1.0 के अंतर्गत निर्मित एसटीपी (STP) में वर्षा काल के दौरान हुए जलभराव की स्थिति पर चर्चा की गई। प्रमुख अभियंता ने बताया कि निर्माण के दौरान उच्च जलस्तर (HFL) का ध्यान न रखा जाना एवं नाले पर अतिक्रमण इसके प्रमुख कारण हैं। उन्होंने नगर पालिका को निर्देश दिए कि नाले के अतिक्रमण को हटाकर उसका चौड़ीकरण किया जाए, ताकि भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इस संबंध में MANIT भोपाल से विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट प्राप्त कर आगे की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने STP के ग्रिट चैम्बर में लीकेज एवं SBR बेसिन की दीवारों में सीपेज पाए जाने पर उसकी वॉटरप्रूफिंग कर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही UV यूनिट के व्यवस्थित संचालन एवं SCADA यूनिट के कैलीब्रेशन कर उसे पूर्णतः क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के अंत में प्रमुख अभियंता श्री मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा नागरिकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने की है, जिसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी से कार्य करें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0