नगर परिषद अध्यक्ष बदलवाने के नाम पर ₹21.50 लाख लेने का आरोप, भाजपा जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत
चांचौड़ा नगर परिषद की उपाध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रश्मि शर्मा ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह (निक्की) राजपूत के खिलाफ पुलिस थाना चांचौड़ा में एक लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि नगर परिषद अध्यक्ष बनाने का प्रलोभन देकर उनसे कुल 21 लाख 50 हजार रुपये लिए गए, लेकिन बाद में न तो वादा पूरा किया गया और न ही राशि वापस की गई।
आवेदन के अनुसार, रश्मि शर्मा ने बताया कि प्रबल प्रताप सिंह राजपूत ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनकी पत्नी भी पार्षद हैं और वे अन्य पार्षदों का समर्थन दिलाकर उन्हें नगर परिषद अध्यक्ष निर्वाचित करवा देंगे। इसी भरोसे और बार-बार दिए गए आश्वासन के आधार पर वह और उनके पति उनके संपर्क में आए।
रश्मि शर्मा का आरोप है कि प्रबल प्रताप सिंह राजपूत ने इस पूरे राजनीतिक समर्थन के लिए उनसे कुल 21 लाख 50 हजार रुपये लिए। आवेदन में दावा किया गया है कि इनमें से 5 लाख रुपये स्वयं प्रबल प्रताप सिंह राजपूत के लिए थे, जबकि शेष 16 लाख 50 हजार रुपये अन्य पार्षदों को समर्थन दिलाने के नाम पर दिए गए। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित रूप से जाकिर गोरी को 5 लाख रुपये, सुनील माली को 5 लाख रुपये, मनीष यादव को 3 लाख रुपये तथा सुधांशु राजावत को 3 लाख 50 हजार रुपये दिए गए।


रश्मि शर्मा ने अपने आवेदन में कहा है कि अगले दिन उन्होंने और उनके पति ने विचार-विमर्श किया तथा यह निर्णय लिया कि अपनी ही पार्टी के निर्वाचित अध्यक्ष के विरुद्ध जाना उचित नहीं होगा। उनका कहना है कि ऐसा करने से पार्टी की छवि धूमिल होती और संगठन की बदनामी होती। इसके बाद उन्होंने किसी भी प्रकार की राजनीतिक साजिश का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया और प्रबल प्रताप सिंह राजपूत से अपनी पूरी राशि वापस करने की मांग की।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद आज तक 21 लाख 50 हजार रुपये वापस नहीं किए गए। रश्मि शर्मा का कहना है कि उन्होंने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया और राशि लौटाने से बचा जा रहा है। उनका आरोप है कि उन्हें झूठे प्रलोभन देकर विश्वास में लिया गया और उनकी मेहनत की कमाई की रकम वापस नहीं की गई, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रश्मि शर्मा ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रबल प्रताप सिंह (निक्की) राजपूत तथा आवेदन में उल्लेखित अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई करने और उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर वह पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)