दिवाली पर घर वापसी महंगी और मुश्किल, फ्लाइट किराए 25 हजार के पार; स्पेशल ट्रेनें अब तक शुरू नहीं
लखनऊ (आरएनआई): दिवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के लिए उत्तर प्रदेश लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। ट्रेनों में भारी वेटिंग के चलते लोग अब विमानों का सहारा ले रहे हैं, जिससे एयर किराए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, उत्तर रेलवे द्वारा प्रस्तावित 52 स्पेशल ट्रेनें अब तक मंजूरी के अभाव में शुरू नहीं हो पाई हैं।
मुंबई और दिल्ली रूट सबसे महंगे
लखनऊ से मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट्स का किराया कई गुना बढ़ गया है।
लखनऊ से मुंबई: टिकट 25,723 रुपये तक पहुँच चुका है, जबकि सामान्य दिनों में किराया लगभग 5,000 रुपये रहता है।
लखनऊ से दिल्ली: किराया 22,165 रुपये तक पहुंच गया है, जो आमतौर पर 3,000 रुपये के आसपास होता है।
एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक:
इंडिगो की 26 अक्टूबर की मुंबई सीधी उड़ान की कीमत 24,336 रुपये
एअर इंडिया एक्सप्रेस: 22,085 रुपये
एअर इंडिया: 25,723 रुपये
वहीं दिल्ली रूट पर इंडिगो और एअर इंडिया की उड़ानों की कीमत 8,000 से 15,000 रुपये के बीच पहुँच गई है। बेंगलुरु के लिए भी टिकट 16,301 से 22,165 रुपये तक बिक रहे हैं।
स्पेशल ट्रेनों पर अब तक नहीं लगी हरी झंडी
दशहरा बीत चुका है और दिवाली-छठ नजदीक हैं, लेकिन लखनऊ मंडल द्वारा भेजा गया 52 स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव अभी भी रेल बोर्ड की मंजूरी का इंतज़ार कर रहा है। इस देरी पर यात्रियों और संगठनों ने सवाल उठाए हैं।
यात्रियों की मांग को देखते हुए ट्रेनों की समयसारिणी और रैक की व्यवस्था पहले ही तैयार की जा चुकी है। लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने कहा कि अनुमति मिलते ही ट्रेनें चलाई जाएंगी।
त्योहारी यात्रियों की बढ़ती परेशानी
लखनऊ से पटना, कोलकाता, चंडीगढ़, जम्मू, अहमदाबाद, दिल्ली और मुंबई जैसे रूट पर ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो चुका है।
दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने कहा, “त्योहार सिर पर हैं, लोगों के पास अब स्पेशल ट्रेनों के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। मंजूरी में देरी से यात्रियों की दिक्कतें और बढ़ेंगी।”
अगर जल्द ही रेलवे बोर्ड की स्वीकृति नहीं मिलती, तो हज़ारों यात्रियों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा या यात्रा योजनाएं रद्द करनी पड़ सकती हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



