दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और धुंध का असर, AQI खतरनाक स्तर पर पहुंचा

Saturday, December 27, 2025 - 11:54
0
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और धुंध का असर, AQI खतरनाक स्तर पर पहुंचा

दिल्ली (आरएनआई)। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा और धुंध छाई रही, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विभाग पहले ही आज और कल के लिए कोहरे का अनुमान जता चुका था। कोहरे के चलते वायु प्रदूषण भी बढ़ गया है और कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। आनंद विहार में सुबह AQI 410 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।

हालांकि सर्दी के बावजूद अभी तक दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर जैसी स्थिति नहीं बनी है। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है और दिसंबर की शुरुआत के कुछ दिनों को छोड़ दें तो पारा छह डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले बृहस्पतिवार तक भी न्यूनतम तापमान के छह डिग्री से नीचे जाने की संभावना कम है।

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए मध्यम स्तर के कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में घना कोहरा भी रह सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं एक दिन पहले यानी बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री तथा चार और पांच दिसंबर को 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि पिछले दो दिनों से तापमान छह डिग्री से नीचे नहीं गया है।

हालांकि शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली को घने कोहरे से कुछ राहत मिली थी, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार और रविवार को फिर से मध्यम स्तर का कोहरा रहेगा और कुछ स्थानों पर स्थिति गंभीर हो सकती है।

बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में तेज गिरावट की संभावना नहीं है। 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और 28 दिसंबर को 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं 30 और 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी हो सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User