एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात विनय त्यागी की मौत, पेशी पर ले जाते समय हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

Dec 27, 2025 - 11:52
 0  135
एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात विनय त्यागी की मौत, पेशी पर ले जाते समय हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

ऋषिकेश (आरएनआई)। कुख्यात बदमाश विनय त्यागी ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह पिछले तीन दिनों से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती था, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने के प्रयास कर रहे थे। एम्स के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने आज सुबह उसकी मौत की आधिकारिक पुष्टि की।

विनय त्यागी को बुधवार को उस समय गोली मारी गई थी, जब उसे धोखाधड़ी के एक मामले में रुड़की कारागार से लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर फ्लाईओवर के पास जाम में फंसे पुलिस वाहन पर पहले से घात लगाए नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोलियां लगी थीं, जबकि वाहन में सवार पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए थे। हालांकि दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें भी आई थीं।

घटना के तुरंत बाद घायल विनय त्यागी को लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। तब से वह जीवन और मौत के बीच जूझ रहा था, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच गए थे और पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई थी। पुलिस ने मामले की तेजी से जांच करते हुए दूसरे ही दिन खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा, निवासी गुलजारपुर काशीपुर, और उसके साथी अजय, निवासी खरमासा कॉलोनी काशीपुर के रूप में हुई है। दोनों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी सन्नी यादव ने खुलासा किया कि विनय त्यागी के साथ उसका पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। सन्नी का आरोप था कि रकम मांगने पर विनय त्यागी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिससे नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची। सन्नी और उसके साथी लंबे समय से विनय की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और जैसे ही उन्हें उसके लक्सर में पेशी पर जाने की जानकारी मिली, उन्होंने उसी दिन हमले की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दे दिया।

गैंगवार की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को रुड़की की जगह हरिद्वार जेल में शिफ्ट कर दिया है। वहीं, विनय त्यागी की मौत के बाद यह मामला हत्या में तब्दील हो गया है और पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.