दमनकारी नीति के खिलाफ लामबंद हुए बस ऑपरेटर, 2 मार्च से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

Tuesday, February 24, 2026 - 21:00
Updated: 5 months ago
0
दमनकारी नीति के खिलाफ लामबंद हुए बस ऑपरेटर, 2 मार्च से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

गुना (आरएनआई) प्रदेश सरकार द्वारा स्टेज कैरिज बसों के संचालन को लेकर लागू की जा रही नई नीति के विरोध में बस संचालकों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को प्राइवेट बस ऑनर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में जिले के बस ऑपरेटर कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के निराकरण न होने पर 2 मार्च 2026 से चक्का जाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।

नीति को बताया दमनकारी, टैक्स वृद्धि का विरोध

एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल कुमार सूद ने बताया कि हाल ही में राजपत्र में प्रकाशित संशोधनों के कारण बस व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बस संचालकों की मुख्य मांग है कि 24 दिसंबर 2025 और 29 जनवरी 2026 को राजपत्र में किए गए संशोधनों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। इसके अलावा, वर्तमान में अस्थाई परमिटों पर बढ़ाए गए टैक्स को वापस लेने और पुरानी व्यवस्था को ही यथावत रखने की मांग की गई है।

जनता की परेशानी के लिए शासन होगा जिम्मेदार

सागर में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद लिए गए इस निर्णय से प्रशासन को अवगत कराते हुए संचालकों ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में बसों के पहिए थम जाएंगे। बस संचालकों का कहना है कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इस हड़ताल से आम जनता को होने वाली परेशानियों के लिए उन्होंने शासन को जिम्मेदार ठहराया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User