तेजस्वी का दावा: 121 सीटों पर महागठबंधन को मिला एकमुश्त समर्थन, बिहार में बदलाव की लहर

Nov 7, 2025 - 12:57
 0  243
तेजस्वी का दावा: 121 सीटों पर महागठबंधन को मिला एकमुश्त समर्थन, बिहार में बदलाव की लहर

पटना (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी दल अपने-अपने पक्ष में जनसमर्थन का दावा कर रहे हैं, वहीं अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि “ऐतिहासिक मतदान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बिहारवासियों ने महागठबंधन को एकमुश्त समर्थन दिया है।”

तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार बिहार ने परिवर्तन के लिए मतदान किया है। हर नागरिक ने 20 वर्षों के अंधकार को समाप्त करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि “लोगों ने घर से निकलकर परिवर्तन की ऐसी रोशनी जलाई है, जो पूरे बिहार में सुख, समृद्धि, सुरक्षा, सम्मान, सौहार्द, शांति और खुशहाली की दस्तक दे रही है।”

महागठबंधन के समर्थन में उठी इस लहर को “अभूतपूर्व” बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि 20 वर्षों में पहली बार ऐसी परिस्थितियाँ बनी हैं जब हर घर, हर हृदय से एक ही आवाज आ रही है — “इस बार नई युवा सरकार लायेंगे।” उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार के बुजुर्गों और युवाओं ने जिस जोश, जुनून और उम्मीद के साथ मतदान किया है, वह इस बात का संकेत है कि राज्य में महापरिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है।

तेजस्वी यादव ने कहा, “बेरोजगारी, गरीबी, अपराध, अन्याय, भ्रष्टाचार और असमानता से जूझते बिहार की जनता ने इस बार निर्णायक वोट दिया है। सभी 121 सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों को एकमुश्त समर्थन मिला है।” उन्होंने इसके लिए बिहार की जनता का आभार जताया और कहा कि यह जनादेश परिवर्तन का प्रतीक है।

उन्होंने बिहारवासियों से अपील की कि “अभी रुकना नहीं है, अभी थमना नहीं है। तकनीक और तरक्की का प्रकाश अब ज्यादा दूर नहीं है। हमें लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करते हुए बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।”

तेजस्वी ने लोगों से 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में भी इसी जोश और विश्वास के साथ महागठबंधन को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा, “आपका बेटा, भाई और साथी तेजस्वी वचन देता है कि अगले पांच वर्षों में ऐसा खुशहाल बिहार बनाएंगे कि 14 नवंबर की तारीख को लोग त्योहार के रूप में मनाने लगेंगे — उस दिन के रूप में जब बिहार ने विकास और समृद्धि की नई शुरुआत की थी।”

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.