‘बिहार की 60% जनता चाहती है बदलाव’ — प्रशांत किशोर बोले, जन सुराज बनी लोगों की नई उम्मीद

Nov 7, 2025 - 12:55
 0  81
‘बिहार की 60% जनता चाहती है बदलाव’ — प्रशांत किशोर बोले, जन सुराज बनी लोगों की नई उम्मीद

गया जी (आरएनआई) — बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने दावा किया कि इस बार राज्य में रिकॉर्ड वोटिंग ने बदलाव का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि “बिहार की 60% से अधिक जनता परिवर्तन चाहती है और जन सुराज को अब एक नए, मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रही है।”

मीडिया से बातचीत में पीके ने कहा कि “आजादी के बाद पहली बार बिहार में इतना ऊंचा मतदान प्रतिशत देखने को मिला है। यह स्पष्ट संकेत है कि जनता बदलाव के लिए वोट कर रही है। पिछले तीन दशकों से बिहार की राजनीति में कोई ठोस विकल्प नहीं था, लेकिन जन सुराज के आने से लोगों को एक नई दिशा और उम्मीद मिली है।”

प्रवासी मजदूर बने ‘एक्स फैक्टर’
प्रशांत किशोर ने कहा कि इस चुनाव में प्रवासी मजदूरों ने अप्रत्याशित रूप से बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया, “छठ पूजा के बाद जो प्रवासी मजदूर बिहार में रुके रहे, उन्होंने न सिर्फ स्वयं मतदान किया बल्कि अपने परिजनों को भी वोटिंग के लिए प्रेरित किया। इस बार महिलाओं से ज्यादा प्रवासी मजदूरों की सक्रियता ने चुनाव को नया मोड़ दिया है। यही वर्ग बिहार में बदलाव की बयार ला रहा है।”

14 नवंबर को ‘बदलाव का इतिहास’ लिखेगा बिहार
पीके ने कहा कि “14 नवंबर को बिहार का नया इतिहास लिखा जाएगा। इस बार जनता ने लोकतंत्र के पर्व में पहले से कहीं अधिक उत्साह से भाग लिया है। दो करोड़ से ज्यादा लोगों ने वोट किया, जो बताता है कि जनता अब डर की राजनीति से बाहर निकल चुकी है।”

नीतीश-लालू पर तीखा प्रहार
राजनीतिक हमले करते हुए पीके ने कहा, “नीतीश कुमार के डर से लालू यादव को और लालू के डर से नीतीश कुमार को वोट देने की मजबूरी अब खत्म हो चुकी है। अब जनता के पास असली विकल्प है — जन सुराज।” उन्होंने एनडीए और राजद-कांग्रेस गठबंधन दोनों पर निशाना साधते हुए कहा, “सम्राट चौधरी कहते हैं कि पार्टी का चेहरा साफ है, लेकिन बिहार में आज भी असुरक्षा का माहौल है। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले जनता झेलती थी, अब नेता और मंत्री झेल रहे हैं।”

पीएम मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि “राजद और कांग्रेस एक-दूसरे का बाल नोचेंगे”, पीके ने व्यंग्य में कहा, “बाल नोचेंगे या सिर नोचेंगे, यह उनका काम है। बिहार की जनता ने तो कल ही दिखा दिया कि उन्हें अब एक नया विकल्प मिल चुका है।”

‘अब चुनाव तय करेगा विपक्ष कौन होगा’
प्रशांत किशोर ने कहा कि अब बिहार में चुनाव सिर्फ सत्ता तय नहीं करता, बल्कि यह भी तय करता है कि विपक्ष में कौन रहेगा और कौन जनता के मुद्दों पर सड़क पर उतरेगा। उन्होंने कहा, “जन सुराज की सबसे बड़ी सफलता यही है कि उसने बिहार की राजनीति को नया विकल्प, नई सोच और नया आत्मविश्वास दिया है।”

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.