तालाबों पर अतिक्रमण को लेकर समिति ने दर्ज कराया विरोध, आंख पर काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

Jun 25, 2025 - 19:08
Jun 25, 2025 - 19:21
 0  351
तालाबों पर अतिक्रमण को लेकर समिति ने दर्ज कराया विरोध, आंख पर काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर (आरएनआई) जिले में तालाबों पर हो रहे अतिक्रमण और प्रशासन की निष्क्रियता के खिलाफ युवा विकास समिति ने बुधवार को एक अनोखा प्रदर्शन किया। आंखों पर काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील परिसर में शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन को नींद से जगाने का प्रयास किया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि जिले के लगभग 1100 से अधिक तालाबों पर भू-माफियाओं ने कब्जा जमा लिया है। मिट्टी भरकर तालाबों की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण धड़ल्ले से हो रहे हैं, जिससे वर्षा जल संरक्षण बाधित हो गया है और भूजल स्तर चिंताजनक गति से गिर रहा है।

युवा विकास समिति के जिलाध्यक्ष कंचन मिश्रा ने बताया कि सदर क्षेत्र के मुस्लिम इंटर कॉलेज के पास, मुराइन टोला ज्वालागंज स्थित संस्कृत विद्यालय के पीछे कई अन्य जगहों पर तालाबों को मिट्टी से पाटकर अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर चलाए जाने वाले अतिक्रमण विरोधी अभियान केवल दिखावा होते हैं, जिनका कोई स्थायी असर नहीं पड़ता। इस दौरान तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन में समिति ने गाव व वार्ड पर जांच और तालाबों की स्थिति पर निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित करने की मांग की। प्रदर्शन में  संगठन के आफताब, दीप कुमार, शिवचन्द्र, सुनील यादव, विकास श्रीवास्तव एडवोकेट, भूपेंद्र सिंह, अविनाश त्रिवेदी, श्याम बाबू, सुशील अग्निहोत्री, अयान, उशूफ समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिला प्रशासन आंखों पर पट्टी बांधकर बैठा है और भू-माफिया तालाबों को निगलते जा रहे हैं। संगठन लगातार ज्ञापन दे रहा है लेकिन प्रशासन की नींद अब तक नहीं टूटी। विशेषज्ञों की मानें तो यदि इस स्थिति को तुरंत नहीं रोका गया तो आने वाले वर्षों में जिले को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0