डिजिटल अरेस्ट घोटाले पर सीबीआई का बड़ा प्रहार, 16 राज्यों में 80 ठिकानों पर छापेमारी; दो गिरफ्तार
नई दिल्ली। देशभर में बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट घोटालों के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 राज्यों में 80 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई सीबीआई के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्र’ के तहत की गई, जिसका उद्देश्य डिजिटल अरेस्ट स्कैम से जुड़े संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
सीबीआई ने इस अभियान के लिए 60 विशेष जांच टीमों का गठन किया। इन टीमों ने पंजाब, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, कर्नाटक और ओडिशा सहित 16 राज्यों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह कार्रवाई देशभर में सामने आए डिजिटल अरेस्ट घोटालों के 200 से अधिक मामलों की जांच का हिस्सा है। इस दौरान सीबीआई ने शेल कंपनियां बनाने और अवैध बैंक खाते खोलने के आरोप में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न माध्यमों से खपाने और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया जा रहा था।
सीबीआई के मुताबिक डिजिटल अरेस्ट स्कैम में ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को वीडियो कॉल के जरिए डराते-धमकाते हैं। इसके बाद गिरफ्तारी या कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर उनसे बड़ी रकम वसूली जाती है।
हाल ही में सीबीआई ने इस घोटाले से जुड़ी एक फर्जी वेबसाइट का भी खुलासा किया था, जिसका यूआरएल Supreme Court of India की आधिकारिक वेबसाइट से मिलता-जुलता था। इस वेबसाइट के जरिए लोगों को भ्रमित कर ठगी की जा रही थी। सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस साइबर अपराध नेटवर्क ने केवल भारतीय नागरिकों को ही नहीं, बल्कि विदेशी नागरिकों को भी अपना शिकार बनाया। सीबीआई का कहना है कि अभियान के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं तथा डिजिटल अरेस्ट घोटाले के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)