जिला पंचायत सीईओ ने किया औचक निरीक्षण
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक दुबे ने शुक्रवार को जनपद पंचायत गुना की ग्राम पंचायत विनायकखेड़ी एवं कंचनपुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं निर्माणाधीन प्रधानमंत्री जनमन आवासों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय विनायकखेड़ी में छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों की उपस्थिति पंजी का सत्यापन किया गया। विद्यालय में पदस्थ कुल 5 शिक्षकों में से 2 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। वहीं कुल 121 विद्यार्थियों में से केवल 69 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। अनुपस्थित शिक्षकों के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को उचित कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कक्षाओं में अध्यापन कार्य एवं शैक्षणिक गतिविधियां संतोषजनक पाई गईं। साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं निर्धारित मेनू का भी निरीक्षण किया गया।

इसके पश्चात शासकीय प्राथमिक विद्यालय कंचनपुरा के किचन शेड का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई का अभाव पाया गया। विद्यालय का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
आंगनवाड़ी केंद्र विनायकखेड़ी के निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति शून्य पाई गई। साथ ही विगत चार दिनों से बच्चों को भोजन नहीं दिए जाने की जानकारी मिली। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी अनुपस्थित पाई गई तथा उपस्थिति रजिस्टर में 18 जुलाई 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बच्चों की उपस्थिति दर्ज नहीं थी, जबकि केंद्र में 18 बच्चों का पंजीयन दर्ज है।
इसके बाद ग्राम कंचनपुर स्थित जनमन आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण किया गया, जहां मौके पर एक भी बच्चा उपस्थित नहीं मिला। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी अनुपस्थित थीं तथा केवल सहायिका उपस्थित मिली। इस पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री दिनेश चंदेल को संबंधित सेक्टर की सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कंचनपुरा में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री जनमन आवासों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने पर जियो टैगिंग के बाद समय पर मस्टर जारी करने, हितग्राहियों को किश्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस दौरान हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं प्राप्त किश्तों की भी जानकारी ली गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)