चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की जांच के लिए राष्ट्रीय आंदोलन की जरूरत: गौरव गोगोई
गुवाहाटी/चेन्नई (आरएनआई)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में उपनेता गौरव गोगोई ने गुरुवार को कहा कि चुनाव आयोग (ईसी) की कार्यप्रणाली की जांच की मांग को लेकर अब एक राष्ट्रीय आंदोलन चलाने की जरूरत है। उनका यह बयान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया आरोपों के बाद आया है, जिसमें उन्होंने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव को “चोरी हुआ चुनाव” बताया था।
राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया था कि हरियाणा की मतदाता सूची में करीब 25 लाख फर्जी नाम जोड़े गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर चुनावी नतीजों में धांधली की। राहुल ने यह भी कहा कि राय विधानसभा क्षेत्र के 10 मतदान केंद्रों में एक ही महिला की तस्वीर 22 बार अलग-अलग नामों से इस्तेमाल की गई।
गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “वोट चोरी पर चुनाव आयोग की निष्क्रियता अपराध स्वीकार करने जैसी है। यह भारत की जनता के खिलाफ किए गए अन्याय को छिपाने की एक कमजोर कोशिश है। अब समय आ गया है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की जांच और उसमें सुधार की मांग को लेकर राष्ट्रीय आंदोलन शुरू किया जाए।”
वहीं, भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया। पार्टी प्रवक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस अपनी हार और जनसमर्थन में गिरावट को छिपाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
इधर, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह प्रक्रिया जल्दबाजी में शुरू की गई है और इससे मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मानसून के बीच इस अभियान को चलाकर तमिलनाडु में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाना चाहते हैं।
सेल्वापेरुंथगई ने चेन्नई के श्रीपेरुमबुदुर में पार्टी बैठक के बाद कहा, “एसआईआर की कोई तत्काल जरूरत नहीं थी। भाजपा और चुनाव आयोग इस प्रक्रिया के जरिए जनता में अविश्वास पैदा कर रहे हैं।” उन्होंने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह राज्य सरकार पर अनावश्यक आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



