चलती ट्रेन में 16 लाख के जेवर चोरी, गुना पहुंचने से पहले बैग साफ

Tuesday, June 16, 2026 - 12:10
Updated: 2 months ago
0
चलती ट्रेन में 16 लाख के जेवर चोरी, गुना पहुंचने से पहले बैग साफ

गुना (आरएनआई) जीआरपी थाना गुना क्षेत्र में चलती ट्रेन में करीब 16 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार मुंगावली से म्याना की यात्रा कर रहा था। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ट्रॉली बैग की चेन खोलकर लाखों रुपए के जेवरात पार कर दिए। मामले में जीआरपी ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अशोकनगर जिले के ग्राम बरखेड़ा निवासी आबिद खान अपने परिवार के साथ 13 जून को बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। उन्होंने अपना ट्रॉली बैग कोच की ऊपरी सीट पर रखा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे बैठे थे। रुठियाई और गुना रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन में काफी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ यात्री ऊपर वाली सीट पर भी बैठ गए।

गुना स्टेशन पहुंचने से पहले आबिद खान की नजर ट्रॉली बैग पर पड़ी तो उसकी चेन खुली हुई मिली। बैग की जांच करने पर उसमें रखे सोने और चांदी के आभूषण गायब थे। चोरी हुए सामान में सोने के हार, कड़े, कंगन, चेन, अंगूठियां, टॉप्स, झाले और बेंदी सहित बड़ी मात्रा में आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की पायल, हथफूल, कंगन और बिछिया भी चोरी हो गईं। पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरों की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपए है। घटना की शिकायत पर जीआरपी गुना ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। चलती ट्रेन में हुई इस बड़ी चोरी ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User