गोरखपुर में भाजपा नेता की निर्मम हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान चाकुओं से गोदकर मौत
गोरखपुर (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह एक भाजपा नेता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजकुमार चौहान के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हमलावरों ने उन पर 50 से 60 बार चाकू से वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हमला बेहद सुनियोजित और क्रूर तरीके से किया गया।
पुलिस इस हत्याकांड के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है, क्योंकि राजकुमार चौहान क्षेत्र में सक्रिय और प्रभावशाली भाजपा कार्यकर्ता माने जाते थे। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो हमलावरों की पहचान और उनके मकसद का पता लगाने में जुटी हैं।
इस घटना के बाद बरगदवा और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग दहशत में हैं, जबकि पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लगातार गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)