गुना में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुरू किया जनसुनवाई का दूसरा चरण, 98 आवेदनों का मौके पर समाधान, पिता के कैंसर इलाज के लिए मदद पाकर भावुक हुई बेटी

Saturday, March 14, 2026 - 17:02
Updated: 6 months ago
0
गुना में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुरू किया जनसुनवाई का दूसरा चरण, 98 आवेदनों का मौके पर समाधान, पिता के कैंसर इलाज के लिए मदद पाकर भावुक हुई बेटी

गुना(आरएनआई)केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज DIET, बाजरंगढ़, गुना में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएँ सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। यह जनसुनवाई केंद्रीय मंत्री ने पिछले वर्ष शुरू की थी। आज दूसरे चरण की पहली जनसुनवाई के दौरान कुल 710 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 150 आवेदनों को केंद्रीय मंत्री द्वारा स्वयं सुना गया। इनमें से 98 आवेदनों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को नियमानुसार संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।

*जनहित योजनाओं से जुड़े मामलों का मौके पर समाधान*

जनसुनवाई के दौरान सिंधिया ने कई आवेदनों का तत्काल निराकरण किया। इनमें बीपीएल कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली बहना योजना, स्वास्थ्य सहायता राशि, नामांकन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का समाधान अधिकारियों द्वारा मौके पर ही कर दिया गया। सभी 712 आवेदनों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया है जिनमें से बच्चे 612 आवेदन ‘वर्क इन प्रोग्रेस’ के रूप में दर्ज किए गए हैं जिन्हें स्वयं मंत्री ने बैग में रखा।

*अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश: हर आवेदन का समाधान होना चाहिए*

जनसुनवाई के दौरान सिंधिया ने जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों का समाधान संभव नहीं है, उनके कारण भी स्पष्ट रूप से बताए जाएँ। साथ ही जिन मामलों का संबंध केंद्र सरकार से है उन्हें उनके कार्यालय तक भेजा जाए, जबकि राज्य सरकार से जुड़े मामलों को प्रभारी मंत्री के माध्यम से आगे बढ़ाया जाए ताकि उनका समाधान शीघ्र हो सके।

*ऑनलाइन ट्रैकिंग से हर सप्ताह होगी प्रगति की समीक्षा*

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सभी आवेदन ऑनलाइन पंजीकृत किए गए हैं और उनकी प्रगति की हर सप्ताह व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह यह देखा जाएगा कि कितने आवेदनों का समाधान हुआ, कितने लंबित हैं और किन कारणों से कुछ मामलों का निराकरण नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि यह ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली पिछले वर्ष से शुरू की गई है, ताकि सरकारी योजनाओं के साथ-साथ जनता की समस्याओं का भी समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

*भावुक क्षण: पिता के इलाज के लिए मदद मिलने पर रो पड़ी बेटी*

जनसुनवाई के दौरान एक भावुक क्षण भी सामने आया, जब गुना की कनिका साहू ने अपने पिता के कैंसर इलाज के लिए सहायता की गुहार लगाई। कनिका ने बताया कि उनके पिता पिछले दो वर्षों से कैंसर से पीड़ित हैं और उपचार के लिए अभी 9 इंजेक्शन लगना शेष हैं। इस पर भितरवार विधायक पन्नालाल शाक्य ने मौके पर ही ₹2 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की, जबकि शेष राशि केंद्रीय मंत्री द्वारा उपलब्ध कराने की सहमति दी गई। इस अवसर पर सिंधिया ने कनिका से कहा, “तुम मेरे परिवार की सदस्य हो।” सहायता मिलने पर कनिका भावुक होकर रो पड़ी और कहा कि अब उनके पिता का इलाज संभव हो सकेगा।

*प्रशासन के प्रयासों की सराहना*

सिंधिया ने जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, विशेष रूप से कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से ही जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।

*जनसुनवाई का दूसरा चरण, अन्य जिलों में भी होगा आयोजन*

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह जनसुनवाई अभियान का दूसरा चरण है। पिछले वर्ष फरवरी से मई के बीच गुना संसदीय क्षेत्र की आठ विधानसभाओं में ऐसे शिविर आयोजित किए गए थे, जिनमें 10,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। गुना के बाद इसी प्रकार की जनसुनवाई अशोकनगर और शिवपुरी में भी आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।

*वैश्विक मुद्दों पर राजनीति करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना*

इस अवसर पर सिंधिया ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ मार्ग खुला है और भारत के लिए गैस आपूर्ति निरंतर जारी है, जिससे पेट्रोल, डीज़ल और केरोसीन की उपलब्धता पर कोई संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे वैश्विक संकट के समय कांग्रेस अनावश्यक राजनीतिक मुद्दे खड़े कर रही है, जबकि देश को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता है।इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत,गुना विधायक पन्नालाल शाक्य,भाजपा ज़िलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User