गुना पुलिस लाइन में आधुनिक कैंटीन और जिम का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों को मिली नई सौगात
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 08 जुलाई को पुलिस लाइन गुना में पुलिस महानिरीक्षक, ग्वालियर ज़ोन अरविंद सक्सेना द्वारा पुलिस अधीक्षक गुना श्रीमती हितिका वासल की उपस्थिति में नवीन पुलिस कैंटीन एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जिम का विधिवत शुभारंभ किया गया । इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस महत्वपूर्ण पहल का स्वागत करते हुए इसे पुलिस बल के कल्याण एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी कदम बताया ।
पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनसेवा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं । ऐसे में उनके शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं कार्यक्षमता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है । उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक व्यायाम मशीनें एवं आधुनिक फिटनेस उपकरणों से सुसज्जित यह जिम पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम, फिटनेस एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी ।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस लाइन परिसर में प्रारंभ की गई नवीन पुलिस कैंटीन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ सुविधाजनक एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराएगी । इससे उन्हें बेहतर सुविधाएँ मिलने के साथ-साथ समय एवं संसाधनों की भी बचत होगी । उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन सुविधाओं का नियमित उपयोग करते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया तथा कहा कि एक स्वस्थ, सशक्त एवं फिट पुलिस बल ही प्रभावी, संवेदनशील और जनोन्मुखी पुलिसिंग की वास्तविक आधारशिला है ।
गुना पुलिस लाइन परिसर में नवीन पुलिस कैंटीन की स्थापना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के विशेष प्रयासों एवं पुलिस कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है । यह सुविधा पुलिस परिवार के दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी ।
उद्घाटन के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना ने पुलिस कैंटीन एवं अत्याधुनिक जिम का अवलोकन कर उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद भी किया । इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक महोदय का स्वागत करते हुए पुलिस कल्याण के प्रति उनके सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी मुख्यालय जमीलउद्दीन सिद्दीकी, एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना, एसडीओपी राघौगढ श्रीमती दीपा डोडवे, एसडीओपी चाचौडा श्री मनोज कुमार झा, डीएसपी यातायात मुकेश दीक्षित, प्रभारी सीएसपी गुना आनंद राय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय आदि अधिकारियों सहित जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी, कार्यालयीन स्टाफ एवं अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)