गर्लफ्रेंड को स्टेज पर डांस करने से रोकता था प्रेमी, नहीं मानी तो घर में घुसकर मार दी गोली—लखनऊ में सनसनी
लखनऊ (आरएनआई) राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक युवती को उसके प्रेमी ने घर में घुसकर गोली मार दी। स्टेज पर डांस करने से रोकने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी युवती के कमरे में घुसा और अवैध तमंचे से फायर कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी फरार है।
घटना पारा की कांशीराम कॉलोनी, मकान नंबर 14/13 की है, जहां 21 वर्षीय लक्ष्मी थापा उर्फ लवली अपनी बहन के साथ किराए पर रहती है। लवली पेशे से स्टेज डांसर है। करीब एक साल से उसका सरोजनीनगर के गौरी बाजार निवासी आकाश कश्यप से प्रेम संबंध था, लेकिन आकाश की आपराधिक प्रवृत्ति और लगातार झगड़ों के कारण लवली ने उससे दूरी बना ली थी।
गुरुवार देर रात करीब दो बजे नशे में धुत आकाश लवली के कमरे पर पहुंचा। दरवाजा खुलते ही उसने बहस शुरू कर दी और स्टेज डांस छोड़ने का दबाव बनाने लगा। कहासुनी बढ़ने पर उसने तमंचा निकालकर लवली पर फायर कर दिया। गोली उसके दाहिने हाथ में कंधे के पास लगी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ गिर पड़ी।
चीख सुनकर पड़ोसी दौड़े, लेकिन तब तक आकाश अपनी काली स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो चुका था। पड़ोस में रहने वाले पंडित नाम के युवक की मदद से लवली को स्कूटी से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि घायल की बहन राधिका की तहरीर पर आरोपी आकाश कश्यप के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



