कौशाम्बी में दर्दनाक सड़क हादसा: पंक्चर बनाते समय अज्ञात वाहन ने चार युवकों को कुचला, सभी की मौत
कौशाम्बी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक समेत चार युवकों की मौत हो गई। हादसा त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के सामने उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़ी पिकअप का पंक्चर बदला जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सभी को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में पिकअप चालक समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान साबिर, अकबर (दोनों पुत्र शरीफ, निवासी वार्ड नंबर-10 सिराथू), अनवर (पुत्र मुमताज, निवासी मूरतगंज) और एहसान (पुत्र सपातुल्लाह, निवासी रसूलपुर, थाना कोखराज) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)