कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट बैन, संसद मार्च हिंसा पर कार्रवाई तेज; अभिजीत दीपके ने केंद्र पर साधा निशाना

Wednesday, July 22, 2026 - 17:57
0
कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट बैन, संसद मार्च हिंसा पर कार्रवाई तेज; अभिजीत दीपके ने केंद्र पर साधा निशाना

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल बैन होने के बाद राजनीतिक विवाद और गहरा गया है। पार्टी से जुड़े अभिजीत दीपके ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि असहमति की आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इंस्टाग्राम हैंडल बैन किए जाने के कारणों को लेकर संबंधित प्लेटफॉर्म या सरकारी एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

इस बीच, संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में चार, कनॉट प्लेस थाने में तीन तथा मंदिर मार्ग, बाराखंबा रोड और कर्तव्य पथ थानों में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर फैलाई गई कथित फर्जी खबरों और भ्रामक पोस्टों के कम से कम 15 मामलों का खंडन किया गया है। पुलिस की फैक्ट-चेक टीम सैकड़ों वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट का विश्लेषण कर रही है, ताकि उनके स्रोतों का पता लगाया जा सके और गलत सूचना फैलाने वालों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

वहीं, समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने सरकार पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार अपने लिए अलग नियम अपनाती है, जबकि अपनी मांगों को लेकर आए छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और अखिलेश यादव के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया। इकरा हसन ने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं और जिम्मेदार लोगों को इस्तीफा देना चाहिए।

समाजवादी पार्टी के सांसद जिया-उर-रहमान ने भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा चाहती है और जिन लोगों की जिम्मेदारी बनती है, उनकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर मेदांता अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल के अनुसार उन्हें मंगलवार शाम गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम उनकी निगरानी और उपचार कर रही है। अस्पताल ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, वे पूरी तरह होश में हैं तथा उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत सामान्य दायरे में हैं। अस्पताल ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें दिया जा रहा उपचार उनकी सहमति से ही किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User